27 फरवरी को IAF का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, 77 फाइटर जेट होंगे शामिल

27 फरवरी को IAF का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, 77 फाइटर जेट होंगे शामिल

भारतीय वायुसेना (IAF) 27 फरवरी को राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में ‘एक्सरसाइज वायु शक्ति’ के तहत अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी। पाकिस्तान सीमा के पास होने वाला यह अभ्यास 2 घंटे 35 मिनट तक चलेगा। इसमें 77 फाइटर जेट, 43 हेलीकॉप्टर और 8 ट्रांसपोर्ट विमान हिस्सा लेंगे।

इस दौरान वायुसेना 23 लक्ष्यों को निशाना बनाएगी और करीब 12,000 किलोग्राम विस्फोटकों का उपयोग करेगी। यह अभ्यास ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी सटीकता और क्षमता को प्रदर्शित करेगा।

IAF के उप प्रमुख एयर मार्शल नागेश कपूर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का संदेश स्पष्ट है आतंकवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भारतीय जमीन पर किसी भी आतंकी हमले का जवाब दिया जाएगा और जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी होगी।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य वायुसेना की क्षमता और ऑपरेशनल तैयारी का प्रदर्शन करना है। जैसलमेर, फलोदी, उत्तरलाई और जोधपुर एयरबेस सक्रिय रहेंगे, जबकि हिंडन और वडोदरा से भी विमान शामिल होंगे। दिन और रात दोनों समय संचालन कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा।

23 लक्ष्यों में रणनीतिक, सामरिक, सतही और हवाई लक्ष्य शामिल होंगे। कुल 277 हथियारों का उपयोग किया जाएगा। राफेल, सुखोई-30, मिग-29, तेजस और जगुआर जैसे फाइटर जेट भाग लेंगे। इसके अलावा अपाचे, एलसीएच प्रचंड, चिनूक और एएलएच हेलीकॉप्टर भी शामिल होंगे।

अभ्यास में अन्य सेनाओं के साथ समन्वय भी दिखाया जाएगा, जिसमें M-777 तोपें, L-70 एयर डिफेंस गन और स्पेशल फोर्स कमांडो भाग लेंगे। C-295 विमान पहली बार ऑपरेशनल भूमिका में नजर आएगा।

114 अतिरिक्त राफेल विमानों की खरीद को लेकर कपूर ने कहा कि MRFA कार्यक्रम के तहत विकल्पों पर विचार किया जा रहा है और अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

पाकिस्तान के किराना हिल्स से जुड़े वीडियो पर उन्होंने कहा कि भारत ने केवल आतंकी ठिकानों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था। वायरल वीडियो में दिखाए गए विस्फोटों की उत्पत्ति और कारण स्पष्ट नहीं हैं।

Category