असम के मार्घेरिटा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से तीन रिहायशी घर जलकर खाक हो गए, जिससे प्रभावित परिवार बेघर हो गए। घटना तिनसुकिया जिला के माइचांगपानी गांव की बताई जा रही है।
आग दिनदहाड़े अचानक भड़क उठी और तेज़ी से फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते लपटों ने तीनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया और घरों का सारा सामान तथा सुपारी के पौधों की कई बीघा खेती नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार, आग से दुलेश्वर गोगोई, शरत बोरो और दुर्लभ सोनवाल के घर पूरी तरह जल गए। आग इतनी तेज थी कि परिवार अपने सामान का कुछ भी नहीं बचा सके। दुलेश्वर गोगोई का घर पूरी तरह खाक हो गया, साथ ही करीब साढ़े तीन बीघा सुपारी के पौधे भी नष्ट हो गए। शरत बोरो और दुर्लभ सोनवाल के घरों में रखा आलू, सरसों, हल्दी जैसी कृषि उपज और घरेलू फर्नीचर भी जलकर नष्ट हो गया।

तीनों परिवार फिलहाल केवल पहने हुए कपड़ों के सहारे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पास में कचरा जलाने के दौरान आग फैलने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवारों ने राज्य सरकार तथा मार्घेरिटा प्रशासन से तुरंत राहत और उचित मुआवज़े की मांग की है।
- Log in to post comments